Advertisement
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाकाल महाराज मंदिर परिसर विस्तार परियोजना के प्रथम चरण के कार्यों को 20 मई तक पूर्ण किया जाए। महाकाल कॉरीडोर के लोकार्पण के लिए आगामी माह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को देखते हुए इससे जुड़े सभी कार्यों की गुणवत्तापूर्ण पूर्णता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री चौहान बुधवार शाम को परियोजना के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे शीघ्र ही कार्यों को देखने उज्जैन पहुँच रहे हैं। आज की समीक्षा में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने उज्जैन कलेक्टर द्वारा तैयार प्रेजेंटेशन देखा। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों की भौतिक प्रगति 90 प्रतिशत से अधिक लेकिन 100 प्रतिशत से कम है, उन्हें इसी सप्ताह पूर्ण कर लिया जाए। वर्तमान में नरसिंहघाट पम्पिंग स्टेशन तथा पाइप लाइन (क्षिप्रा नदी से रूद्रसागर), रूद्रसागर कैचमेंट क्षेत्र में सीवर लाइन, श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर के लिए आकर्षक लाइटिंग और साउंड सिस्टम के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। अन्य प्रमुख कार्यों में महाकाल महाराज मंदिर परिसर विकास योजना के प्रथम चरण में 93 प्रतिशत, पार्किंग एवं भूमि विकास में 95 प्रतिशत, महाकाल द्वार तथा रामघाट प्राचीन मार्ग के संरक्षण का कार्य 95 प्रतिशत, ऐतिहासिक मंदिरों एवं विरासतों पर सौन्दर्यीकरण के लिए आवश्यक लाइटिंग का कार्य 98 प्रतिशत पूरा हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। प्रधानमंत्री जी की यात्रा से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं जैसे बैठक एवं पार्किंग स्थल, पेयजल प्रबंध आदि को भी सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन विनोद कुमार, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, ओएसडी मुख्यमंत्री कार्यालय योगेश चौधरी, प्रमुख सचिव जनसंपर्क राघवेन्द्र कुमार सिंह तथा संचालक जनसंपर्क आशुतोष प्रताप सिंह उपस्थित थे।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |