Advertisement
ग्वालियर। बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान 'आसनी' और उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में सक्रिय चक्रवात के असर से सोमवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। लेकिन मौसम के जानकारों का पूर्वानुमान है कि मंगलवार से छह दिन यानी 15 मई तक ग्वालियर-चम्बल अंचल में तापमान बढऩे के साथ लू की स्थिति निर्मित हो सकती है।
पिछले दिनों की तरह सोमवार को भी मौसम शुष्क रहा और तेज धूप निकली लेकिन हवाओं की गति मंद रही। हालांकि फिर भी गर्मी चरम पर थी लेकिन लू से राहत बनी रही। स्थानीय मौसम विज्ञानी सी.के. उपाध्याय ने बताया कि उधर बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान और इधर उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में चक्रवात सक्रिय है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से वायु मंडल में जहां हवाओं की दिशा पूर्वी हो गई है वहीं हवाओं में नमी भी बढ़ गई है। इसी कारण आज अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लेकिन मंगलवार से गर्मी तेज हो सकती है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान अनुसार 10 से 15 मई तक ग्वालियर-चम्बल में तेज गर्मी पड़ने के साथ लू की स्थिति निर्मित हो सकती है। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में सोमवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। सोमवार सुबह हवा में नमी 59 और शाम को 31 प्रतिशत दर्ज की गई।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |