Advertisement
उमरिया। देश के टाइगर स्टेट मध्य प्रदेश में बाघों का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को राष्ट्रीय उद्यान बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सोमवार सुबह एक साथ छह बाघ देखे गए। पर्यटकों के सामने एक साथ छह बाघ आए तो वे रोमांचित हो उठे। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें छह बाघ एक साथ अठखेलियां करते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, उमरिया के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सोमवार की सुबह पर्यटक सफारी पर निकले थे। इसी दौरान उनके सामने एक साथ 6 बाघ आ गए। इन बाघों को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। पर्यटकों के सामने यह रोमांचक दृश्य बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली कोर जोन में उत्पन्न हुआ। यहां पर्यटकों को मशहूर बाघिन का कुनबा देखने को मिला, जिसमें चार शावकों के साथ मां तारा बाघिन और पिता छोटा भीम बाघ एक साथ नजर आए। छह बाघों को एक साथ देखकर पर्यटक खुशी से झूमने लगे। पार्क के खितौली कोर जोन में पर्यटक जिप्सियों में सवार होकर बाघ दर्शन की मनोकामना से गए थे, लेकिन इस तरह से समूह में बाघों को देखना पर्यटकों की कल्पना से बाहर था।
पर्यटकों की जिप्सी खितौली पर्यटन जोन में बाघ दर्शन के लिए भ्रमण कर रही थी, तभी वन तलैया में छह बाघों के झुंड एक साथ पानी में आनंद लेते दिखाई दिए। पर्यटकों ने बाघ दर्शन का जी भरकर लुत्फ उठाया। बाँधवगढ़ की मशहूर बाघिन अपने चार शावकों और पिता एवं पार्क के सबसे डोमिनिटेड बाघ छोटा भीम के साथ ठंडे पानी मे शीतलता का आनंद ले रहे थी।
इस दौरान पर्यटकों ने बाघ दर्शन का लुत्फ उठाया और फोटोग्राफी की और वीडियो भी बनाए हैं। पर्यटकों द्वारा बनाया गया वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ़ दिखाई दे रहा है कि सभी छह बाघ आसपास बैठे हुए हैं और पानी की ठंडक का आनंद उठा रहे हैं। ऐसे दृश्य बांधवगढ़ में आमतौर पर कम ही देखने को मिलते हैं।
मशहूर है तारा बाघिन
बाँधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वर्तमान में तारा बाघिन काफी लोकप्रिय है। देश विदेश के पर्यटक महज तारा बाघिन का दीदार करने यहां पंहुच रहे है। जिसकी मुख्य वजह इसके चार शावक हैं जो लगभग 20 माह के हो चुके हैं। बाघिन शावकों को हमेशा अपने साथ रखती है। दूसरी खास बात यह कि यह पर्यटकों को देखकर सहज रहती है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |