Advertisement
भोपाल। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने सोमवार को सॉची में विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला के शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विकासखण्ड स्तर के बाद जिला स्तर पर भी स्वास्थ्य मेलों का आयोजन होगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि मेले में लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यकतानुसार उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 18 से 30 अप्रैल तक प्रदेश के सभी विकासखण्डों में स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मेले में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आम जन का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। साथ ही लोगों की हेल्थ आईडी और पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गाँवों में लोगों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल सके, इसके लिए उप स्वास्थ्य केन्द्र स्तर पर 97 प्रकार की दवाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर टेलीमेडिसिन से विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श और उपचार की सुविधाएँ दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रायसेन जिला अस्पताल में भी लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जिला अस्पताल में 100 से अधिक प्रकार की जाँचें की जा रही हैं। इसके अलावा सीटी स्केन भी किया जा रहा है। पहले मरीजों को सीटी स्केन के लिए भोपाल जाना पड़ता था, लेकिन अब जिला अस्पताल में ही सीटी स्केन होने लगी है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य के साथ शिक्षा, रोजगार, किसान कल्याण, सड़कों का निर्माण के साथ हर क्षेत्र में विकास किया जा रहा है। युवाओं को विभिन्न स्व-रोजगार योजनाओं के माध्यम से रोजगार से जोड़ा जा रहा है। बच्चों की शिक्षा के लिए सीएम राईज स्कूल खोले जा रहे हैं। किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना, कृषि यंत्रों पर अनुदान सहित अनेक योजनाएँ चलाई जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन में नल के माध्यम से जल पहुँचाने का काम भी सरकार कर रही है।
विधायक रामपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाकर उन पर तेजी से काम किया जा रहा है। विकासखण्ड स्तर पर आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य मेलों का लाभ गरीबों को मिल रहा है। मेलों में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण होने के साथ ही निःशुल्क इलाज भी हो रहा है।
साँची में 10 करोड़ की लागत के सिविल अस्पताल भवन का किया भूमि-पूजन
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने साँची में 10 करोड़ रुपये लागत के सिविल अस्पताल भवन का भूमि-पूजन किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलें, इसके लिए लगातार स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नए सिविल अस्पताल बनाए जा रहे हैं, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भी बनाए जा रहे हैं। जहाँ पहले से स्वास्थ्य केन्द्र हैं, उनका उन्नयन किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि सिविल अस्पताल भवन के बन जाने से साँची और आसपास के गॉवों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रायसेन , विदिशा और भोपाल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि जो सुविधाएँ जिला अस्पताल में हैं, वह सभी स्वास्थ्य सुविधाएँ सिविल अस्पतालों में भी उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |