Advertisement
ग्वालियर। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले दो दिन में अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जिससे लू की स्थिति से राहत बनी हुई है लेकिन पिछले दो दिन में न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस का उछाल आने से रात में गर्मी का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन में अधिकतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है लेकिन 16 अपै्रल से अधिकतम तापमान में फिर से वृद्धि होने की संभावना है।
यहां बता दें कि पिछले दिनों ग्वालियर शहर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया था जिससे तीव्र लू की स्थिति निर्मित हो गई थी लेकिन पिछले दो दिन से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते मंगलवार को शहर के आसमान में आंशिक बादल थे लेकिन बुधवार को मौसम शुष्क रहा। जिससे धूप भी काफी तेज निकली। साथ ही लगभग पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिमी हवाएं भी चलती रहीं। बावजूद इसके तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
स्थानीय मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब और उससे सटे मध्य पाकिस्तान में प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पश्चिमी हवाओं में ज्यादा गर्माहट नहीं है। इसके चलते अगले दो दिन में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है लेकिन न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि की संभावना है। 15 या 16 अपै्रल को इन दोनों मौसम प्रणालियों का प्रभाव समाप्त हो जाएगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में फिर से वृद्धि होगी। जिससे भीषण गर्मी के साथ एक बार फिर लू की स्थिति निर्मित हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी औसत से 4.0 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आज सुबह हवा में नमी 23 और शाम को 21 प्रतिशत दर्ज की गई।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |