Advertisement
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर फर्जी फोटो शेयर करने के मामले में एफआईआर होने के बाद प्रदेश की राजनीति गर्माने लगी है। स्वयं दिग्विजयसिंह ने जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ एफआईआर करने के लिए राजधानी के श्यामला हिल्स थाने में आवेदन दिया है, वहीं प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह को कांग्रेस के लिए हानिकारक बताया है।
प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजयसिंह पर एफआईआर होने के बाद कहा कि दिग्विजय ने कांग्रेस के सॉफ्ट हिंदुत्व को भी बेनकाब कर दिया है। अब यह हनुमान चालीसा पढ़ें या कुछ और, अब यह समझ आ गया है कि ये कौनसी खाल ओढ़े रहते हैं। डॉ. मिश्रा ने कहा कि इस मामले में दिग्विजय सिंह के पक्ष में कोई भी नहीं आया। शायद अब यह सिद्ध हो गया है कि कांग्रेस के लिए 'दिग्ग्गी तू तो हानिकारक है'। इसलिए अब दिग्विजय अलग-थलग पड़ गए हैं। उनकी वफा का चर्चा ही ऐसा कि अपनी वफा से ही शरमा रहे हैं।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह पर धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोप में प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और नर्मदापुरम में केस दर्ज किए गए हैं। दिग्विजय सिंह ने सोमवार को एक फोटो शेयर किया था जिसमें एक शख्स मस्जिद की मीनार पर चढ़कर भगवा झंडा लगाते दिख रहा था। इसके साथ अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा था, 'तलवार-लाठी लेकर धार्मिक स्थल पर झंडा लगाना उचित है? क्या खरगोन प्रशासन ने हथियारों को लेकर जुलूस निकालने की इजाजत दी थी? क्या जिन्होंने पत्थर फेंके, चाहे जिस धर्म के हों सभी के घर बुलडोजर चलेगा? शिवराज जी मत भूलिए आपने निष्पक्ष होकर सरकार चलाने की शपथ ली है।' दिग्विजय सिंह ने इस फोटो को खरगोन का बताया था, जबकि असलियत में वो मुजफ्फरपुर (बिहार) की फोटो थी।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |