Advertisement
भोपाल। केन्द्रीय भारतीय खाद्य संरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा सोमवार को राजधानी भोपाल के पलाश रेजीडेंसी में प्रदेश के ईट स्मार्ट सिटीज के पुरस्कृत 4 नगर के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मारिका प्रदान कर सम्मानित किया गया। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने विजेता शहरों सागर, जबलपुर, इंदौर और उज्जैन को बधाई दी है।
इस मौके पर प्रमुख सचिव नागरिक आपूर्ति फ़ैज़ अहमद किदवई, आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं और सचिव लोक स्वास्थ एवं परिवार कल्याण डॉ. सुदाम खाड़े और विशिष्ट रूप से एफएसएसएआई की क्षेत्रीय संचालक प्रीति चौधरी उपस्थित थी। सभी ने देश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मध्यप्रदेश के विजेता शहर इंदौर, जबलपुर, सागर तथा उज्जैन में किये गये कार्यों की प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि केवल मध्यप्रदेश एकमात्र ऐसा राज्य है, जिसके 4 शहर इंदौर, जबलपुर, सागर और उज्जैन ने देश के टॉप 11 विजेताओं में स्थान अर्जित किया है। पुरस्कृत शहरों को 50-50 लाख रुपये की अवार्ड राशि मिलेगी और जुलाई 2022 में बर्मिंघम (इंग्लैंड) में भागीदारी का अवसर प्राप्त होगा।
बता दें कि ईट स्मार्ट सिटीज़ चैलेंज प्रतियोगिता में देश से कुल 104 शहरों ने भाग लिया। इसमें से विभिन्न राज्यों के मात्र 11 शहर विजेता घोषित किए गए। मध्यप्रदेश के सर्वाधिक 4 शहरों ने ईट स्मार्ट सिटीज चैलेंज प्रतियोगिता में विजेता बनकर संपूर्ण देश में मध्यप्रदेश का मान बढ़ाया है। इस प्रकार मध्यप्रदेश ईट स्मार्ट सिटी चैलेंज में देश में प्रथम स्थान पर है।
सागर के अटल पार्क का नाम हुआ देश में रोशन : मंत्री सिंह
मंत्री भूपेंद्र सिंह ने विजेता शहरों को बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता और गुणवत्ता के कड़े पैमाने पर खरे उतरे इन शहरों ने अपने अथक प्रयासों से यह सफलता हासिल की है। इस सफलता के साथ ही सागर के अटल पार्क का नाम भी संपूर्ण देश में रोशन हुआ है।
मंत्री भूपेंद्र सिंह ने बताया है कि फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया तथा मिनिस्ट्री ऑफ हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स द्वारा आयोजित की गई ईट स्मार्ट सिटीज़ प्रतियोगिता में विजयी शहर को 50 लाख की अवार्ड राशि प्राप्त होगी। साथ ही इन शहरों को जुलाई 2022 में बर्मिंघम इंग्लैंड में भागीदारी का अवसर भी मिलेगा।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |