Advertisement
भोपाल। सहकारिता क्षेत्र के पुरोधा, पूर्व उप मुख्यमंत्री, किसान नेता और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय सुभाष यादव की 76वीं जयंती पर शुक्रवार को पीसीसी में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने स्वर्गीय यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कमलनाथ ने स्वर्गीय यादव के राजनैतिक जीवन और उनके संघर्ष का वृतांत कांग्रेसजनों से सांझा करते हुए कहा कि सुभाष भाई ने गरीबों, किसानों और हर वर्ग के लिए संघर्ष कर उन्हें नई दिशा दिखाई, उसी का परिणाम है कि आज भी वे किसानों के लिए एक मसीहा के रूप में विद्यमान हैं। उन्होंने सहकारिता के क्षेत्र में अपनी दृढ़इच्छाशक्ति का परिचय दिया। सातवीं लोकसभा में हमने साथ-साथ प्रवेश लिया, साथ में काम किया। प्रदेश के विकास की योजनाओं के लिए हम साथ-साथ तत्कालीन मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह, व तत्कालीन केंद्रीय नेताओं के पास जाते थे।
पूर्व सीएम ने कहा कि सहकारिता के पुरोधा के रूप में अपनी ख्याति पाने वाले स्व. यादव ने छोटे से कार्यकर्ता से लेकर विधायक, सांसद, जल संसाधन मंत्री और उप मुख्यमंत्री तक का लंबा राजनैतिक सफर तय करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपने क्षेत्र एवं प्रदेश की जनता, किसानों, गरीबों, अजा-अजजा, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यकों के हित के लिए निरंतर कार्य किया, प्रदेश में सहकारिता का सबसे बड़ा आंदोलन किया तथा सहकारिता के क्षेत्र में एक विशाल जाल बिछाया, उन्होंने हमेशा जमीन से जुडक़र कार्य किया और उसमें अपार सफलता भी अर्जित की। राजनीति उन्हें विरासत में नहीं मिली थी, उन्होंने राजनीति में स्वयं अपनी जमीन बनायी। वे कांग्रेस के ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के नेता थे।
कमलनाथ ने कहा आज की राजनीति बदल गई है, नई पीढ़ी का भविष्य चुनौतीपूर्ण है। आज के नौजवानों में एक तड़प है। कृषि क्षेत्र में हमने नीति बनाई, किसानों का कर्ज माफ किया। यदि नौजवानों, किसानों का भविष्य अंधकार में रहेगा तो प्रदेश का भविष्य क्या होगा? भाजपा राज में खोखली घोषणाएं हो रही हैं, जमीन पर कुछ नहीं है। कहते हैं एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा, कहां से मिलेगा? रोजगार के लिए घोटाले हो रहे हैं। पैसे दो काम लो की राजनीति चल रही है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |