Advertisement
ग्वालियर। सर्दी की विदाई के बाद मौसम में अब धीरे-धीरे गर्मी बढ़ने लगी है। वर्तमान सीजन में रविवार को ग्वालियर शहर में पहली बार अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में बढ़ती गर्मी के पीछे मौसम विज्ञानी दक्षिणी राजस्थान और उससे सटे उत्तरी गुजरात में बने प्रति चक्रवात को मुख्य वजह बता रहे हैं। मौसम के जानकारों का पूर्वानुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि हो सकती है।
बीते दस मार्च को पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद से ही मौसम शुष्क है जिससे तेज धूप निकल रही है और पश्चिम से शुष्क हवाएं आ रही हैं। इसी क्रम में रविवार को भी मौसम शुष्क रहा और तेज धूप निकली। साथ ही दिन भर पश्चिमी हवाएं चलती रहीं जिससे पिछले दिन की अपेक्षा आज अधिकतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार रविवार को वर्तमान सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस आंशिक गिरावट के साथ 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम है। रविवार सुबह वहां नमी 55 और शाम को 33 प्रतिशत दर्ज की गई।
प्रति चक्रवात के प्रभाव से बढ़ा तापमान
स्थानीय मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि वर्तमान में दक्षिणी राजस्थान और उससे सटे उत्तरी गुजरात में प्रति चक्रवात बना हुआ है जिससे वहां गर्म हवाएं चल रही हैं। प्रति चक्रवात के असर से मध्यप्रदेश में गुजरात से गर्म हवाएं आ रही हैं। इसी कारण अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। हालांकि मरुस्थल होने के कारण रात के समय गुजरात में मौसम ठंडा हो जाता है। इस वजह से रात में गुजरात से मध्यप्रदेश में ठंडी हवाएं आती हैं इसलिए न्यूनतम तापमान में ज्यादा वृद्धि नहीं हो रही है। उपाध्याय ने बताया कि मौसम में अब गर्मी बढ़ेगी। अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि हो सकती है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |