Advertisement
मंदसौर। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पशुपतिनाथ मंदिर सहित जिलेभर के शिवालयों में तैयारियां पूरी हो गई हैं। भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर आकर्षक विद्युत साज-सज्जा से जगमगा रहा है। महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान शिव-पार्वती के विवाह को लेकर भक्तों में अपार उत्साह है। आज पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान आशुतोष दुल्हा बनेंगे। हजारों की संख्या में भक्तों के पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा अन्य शिव मंदिरों में भी शिव के जयकारे सुबह से गूंजना शुुरू हो जाएंगे।
रविवार को भगवान श्री पशुपतिनाथजी को हल्दी-केसर का उबटन लगाकर भक्तों ने मंगल गीत गाये व मंदिर परिसर में जमकर थिरके। सोमवार को हल्दी उबटन बाबा को लगाया गया। वहीं माता पार्वती को मेहंदी लगाई गई। दिनभर विशेष धार्मिक आयोजनों का दौर देर शाम तक चलता रहा। इधर शिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां भी पूरी हो गई हैं। इसके साथ ही शिवालयों में उत्साह छाया हुआ है। मंदिरों में आकर्षक साज-सज्जा की गई है। शिवालय रोशनी से जगमगा रहे हैं। मंगलवार को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जिलेभर के शिव मंदिरों में सुबह से लेकर रात तक आयोजन होंगे। आज रात में चारों प्रहर में रस से अभिषेक किया जाएगा व अंतिम प्रहर के पश्चात बाबा भोलेनाथ को दूल्हे के रूप में सजाया जाएगा व आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। सोमवार को आरती व संगीत कार्यक्रम हुआ। शिवरात्रि पर्व पर एक मार्च को सांस्कृतिक विभाग द्वारा शाम 7.30 से रात 10 बजे तक मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम किया जाएगा। इसमें गायन व नृत्य आयोजन होंगे।
37 क्विंटल खिचड़ी का लगाएंगे भोग
महाघंटा अभियान मंडली द्वारा भगवान पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर एक मार्च को 37 क्विंटल खिचड़ी के प्रसाद का भोग लगाया जाएगा। सुबह 10.15 बजे भगवान श्री पशुपतिनाथ को खिचड़ी का भोग लगाने के पश्चात खिचड़ी की प्रसादी श्रद्धालुओं में वितरित की जाएगी।
मंदिर परिसर मंडप की तरह सजाया
मंदिर परिसर को मंडप की तरह सजाया गया है। मंदिर प्रबंधन द्वारा पूरे परिसर को रंगीन चुनरियों के माध्यम से सजाया गया है। मंदिर शिखर सहित परिसर में विद्युत सज्जा की गई है। भक्तों की सुविधा के लिए एक दिन निर्माण भी बंद रहेगा। कलेक्टर ने बेरिकेडिंग अच्छे से करने व सफाई के निर्देश दिए है। बालाजी मंदिर के दर्शन करते हुए भक्त पशुपतिनाथ गर्भगृह तक पहुंचेंगे। दर्शनकर निर्गम द्वार से बाहर जाएंगे। शिवरात्रि पर्व पर नीलकंठेश्वर महादेव,निर्माणाधीन सहस्त्रशिवलिंग मंदिर परिसर का हिस्सा पूरी तरह बंद रहेगा।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |