Advertisement
मुरैना। खेत में पानी दे रहे वृद्ध किसान का हथियारबंद बदमाशों ने अपहरण कर लिया। एक घंटे से अधिक समय तक सरसों के खेत में हाथ-पैर व मुंह बांधकर मारपीट की। पुलिस की आहट मिलते ही बदमाश भाग खड़े हुये। सर्चिंग के दौरान घायल अवस्था में पुलिस को मिले वृद्ध को जिला चिकित्सालय में इलाज हेतु दाखिल कराया गया है। एक दर्जन बदमाशों में एक महिला भी शामिल बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मुरैना के सिंहोनिया थाना क्षेत्रान्तर्गत बाबड़ीपुरा निवासी 65 वर्षीय वृद्ध किसान राधेश्याम शर्मा अपने भाई के साथ फसल में पानी देने के लिये गया था। किसान के खेत क्वारी नदी के बीहड़ों में हैं। रात 9 बजे के लगभग हथियारबंद दो बदमाशों ने कुएं पर आकर वृद्ध राधेश्याम से खाना मांगा। किसान द्वारा मना किये जाने से कुपित बदमाश उसे पकडक़र ले गये। कुछ दूरी पर लगभग आधा दर्जन से अधिक बदमाश और मिल गये। इन सभी ने जानकारी लेकर हाथ-पैर व मुंह बांध दिया। काफी देर तक वृद्ध किसान की मारपीट भी की। इसी बीच राधेश्याम का भाई खेतों से भागकर गांव में पहुंच गया।
ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। वहीं गांव एकत्रित होकर खेतों की ओर जाने लगा। बदमाशों ने ग्रामीणों की आहट सुनकर राधेश्याम शर्मा को आवाज निकालने पर गोली मारने की धमकी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी द्वारा आधा दर्जन से अधिक थानों का पुलिस बल जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भेजा गया।
आधी रात के बाद काफी बड़े क्षेत्र में पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। वृद्ध राधेश्याम सरसों के खेत में बंधा पड़ा मिला था। उसे जिला चिकित्सालय में इलाज के लिए दाखिल कराया गया। आज देर सुबह तक राधेश्याम की स्थिति स्थिर बनी हुई है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में विधिवत कोई संज्ञान नहीं लिया है। पुलिस क्षेत्र में बदमाशों की तलाश कर रही है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |