Advertisement
भोपाल। अफगानिस्तान और उसके आसपास बने पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवाओं का रुख बदलने लगा है। हवाओं के साथ आ रही नमी के कारण राजधानी एवं उसके आसपास के जिलों में गुरुवार को आंशिक बादल छाने लगे हैं। हालांकि निचले स्तर पर हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी बना रहने से वातावरण में हल्की ठंडक बरकरार है। साथ ही गुरूवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम भी हुआ है। शुक्रवार को राजधानी में बारिश होने की भी संभावना है।
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक पी.के. साहा ने बताया कि अफगानिस्तान के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने लगा है। वर्तमान में हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। हवाओं का पैटर्न अधिकतर उत्तरी बने रहने से वातावरण में फिलहाल ठंडक बरकरार है। उधर ऊपरी स्तर पर हवाओं का रुख पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी है। जिसके चलते बंगाल की खाड़ी से नमी आने लगी है। इस वजह से आंशिक बादलों के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। शाम को बड़े पैमाने पर बादल छाने की संभावना है। इससे रात का तापमान कुछ बढ़ सकता है।
मौसम विज्ञानी साहा ने बताया कि बुधवार को शहर का न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य था। बुधवार-गुरूवार की रात को तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो पिछले दिन से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। साथ ही सामान्य से भी एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। बुधवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा था। साहा के मुताबिक गुरूवार को सर्द हवाएं चलने के कारण दिन के तापमान में कुछ और गिरावट दर्ज हो सकती है। वहीं, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण शुक्रवार को भोपाल, जबलपुर, होशंगाबाद संभागों के कुछ जिलों में बारिश भी हो सकती है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |