Advertisement
इंदौर। शहर में सोमवार दिनदहाड़े हुए शराब माफिया के झगड़े में शराब व्यवसायी अर्जुन ठाकुर पर हमला करने के मामले के दो आरोपियों ने बुधवार सुबह विजयनगर थाने में सरेंडर कर दिया है। हालांकि इंदौर पुलिस ने सरेंडर की बात को खारिज किया है। उसने कहा है कि दोनों नेपाल भागने की फिराक में थे। उन्हें भोपाल हाईवे से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शराब कारोबारी पर हमले के मामले में हेमू ठाकुर, चिंटू ठाकुर, गैंगस्टर सतीश भाऊ और छोटू दयाराम शामिल थे। सोमवार को हमला करने के बाद चारों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस इनकी तलाश सभी जिलों में कर रही थी। वहीं प्रदेश के गृहमंत्री ने आरोपियों को जल्द पकड़ने तथा उन पर रासुका लगाने और उनकी संपत्ति नेस्तनाबूद करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद बुधवार सुबह दो आरोपियों ने विजयनगर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। सूत्रों के अनुसार सरेंडर करने वाले आरोपियों के नाम कुख्यात बदमाश सतीश भाऊ और चिंटू ठाकुर हैं। गैंगस्टर सतीश भाऊ कुछ दिन पहले ही पैरोल पर जेल से छूट कर आया था। वहीं, सतीश भाऊ पर इंदौर शहर में दर्जनों अपराध दर्ज हैं।
सूत्रों का कहना है कि जैसे ही दोनों अपराधियों को पता चला कि उनकी संपत्ति तोड़ी जाएगी तो वे पेश होने के लिए छटपटाने लगे। पुलिस ने उनके रिश्तेदारों और एक आरोपी की महिला मित्र को थाने में बैठाकर दबाव भी बनाया था। इसके बाद दोनों आरोपियों की पहले योजना थी कि कनाड़िया थाने में हथियार के साथ पेश हो जाएं, लेकिन फिर एकाएक योजना को बदलते हुए विजयनगर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस जल्द ही तीसरे आरोपी हेमू ठाकुर को भी गिरफ्तार करने की बात कह रही है। उसकी तलाश में भी एक टीम भेजी गई हैं, लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि जल्द ही हेमू ठाकुर भी पेश होने वाला है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |