Video

Advertisement


बूथ को मजबूत करने के अभियान में जुटेगी भाजपा की नई टीम : विष्णुदत्त शर्मा
bhopal, BJP
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी पद्धति पर चलने वाला दल है। यहां सभी कार्यकर्ता है और दायित्वों के अनुरूप काम करते हैं। यहां प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए काम और प्रत्येक काम के लिए कार्यकर्ता है और इसी व्यवस्था पर पार्टी लगातार आगे बढ़ती है। परिस्थितियों के अनुसार जो आवश्यकता है, उसके आधार पर ही भाजपा में निर्णय होते हैं। यह टीम वीडी की नहीं, भाजपा की है। पूरी टीम अपनी जिम्मेदारी के साथ बूथ को मजबूत करने के अभियान में जुटेगी। 
 
यह बात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कही। उन्होंने नवमनोनीत पार्टी पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी अनुभवी और पारंगत कार्यकर्ता है। सभी पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करेंगे।
 
कांग्रेस के ज्ञान चक्षु खुले
कांग्रेस द्वारा राममंदिर को लेकर चंदा मांगे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस कहती थी कि राम का कोई अस्तित्व ही नहीं है, राम सेतु का कोई अस्तित्व नहीं है। सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस नेता वकील कपिल सिब्बल राम मंदिर के खिलाफ खड़े होते हैं। लेकिन अब कांग्रेस राम मंदिर निर्माण में खुद को सक्रिय बता रही है। कांग्रेस अगर राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह का आग्रह कर रही है तो यह भगवान राम की ही कृपा है। आज कांग्रेस के ज्ञान चक्षु खुल गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रयासों से राम मंदिर निर्माण को लेकर आमजन में जो देशभक्ति का भाव जाग्रत हुआ है। आज मंदिर निर्माण होने से 500 साल पुराना एक संकल्प पूरा हो रहा है। यह कार्य कोई संगठन या दल नहीं कर रहा है बल्कि पूरा भारत इसमें लगा हुआ है लेकिन कांग्रेस इसे राजनैतिक दृष्टि से देख रही है क्योंकि कांग्रेस ने कभी भी समाज और देशभक्ति के लिए काम नहीं किया। उसने हमेशा राजनीति की है।
 
कोरोना काल में प्रधानमंत्री जी ने चुनौतियों को अवसर में बदला
वीडी शर्मा ने 16 जनवरी को कोरोना के टीकाकरण की शुरुआत होने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी और कहा कि कोरोना काल में उन्होंने चुनौतियों को अवसर में बदला है। उन्होंने कोरोना काल में गरीबों को राहत पैकेज देकर आत्मनिर्भर भारत बनाने का संकल्प पूरा किया। देश और प्रदेश की जनता को कोरोनाकाल में कई सौगातें मिलीं, ताकि वे कोरोना के खिलाफ चल रही जंग में मजबूती के साथ खड़े रहे। शनिवार से कोरोना के टीकाकरण की शुरुआत होगी।
 
सज्जन सिंह वर्मा का बयान कांग्रेस का चरित्र
कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा द्वारा बालिकाओं पर दिए गए आपत्तिजनक बयान पर वीडी शर्मा ने कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सज्जन सिंह वर्मा का बयान कांग्रेस के चरित्र को दर्शाता है। महिलाएं सम्मान और आदर का केन्द्र होती है, लेकिन उनके लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है। वर्मा ने ऐसे शब्द प्रयोग किए हैं, जिन्हें हम बोल नहीं सकते। कांग्रेस का चरित्र जनता के सामने है, जो इन नेताओं के बयानों में झलकता है।
Kolar News 14 January 2021

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.