पालकी में जय कन्हैया लाल की
कोलार में भी धूमधाम कृष्ण जन्माष्टमी के तहत रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नाचते-गाते भक्तों की भीड़ श्रीकृष्ण को पालकी में लेकर निकली।सोमवार को ऊं श्नैश्चराय नम: ट्रस्ट द्वारा कोलार क्षेत्र में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सबसे आगे डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए श्रद्धालु चल रहे थे, तो पीछे-पीछे कान्हा की टोली। शोभा यात्रा में बडी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई। महिलाओं के काफिले के पीछे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के लोग भगवान श्रीकृष्ण को टोकरी में लेकर चल रहे थे। उनके साथ -साथ ऊंट और पीछे 100 घोड़े कतारबद्ध होकर चल रहे थे। शोभा यात्रा में शामिल सभी घोड़ों की पीठ पर छोटे-छोटे बच्चे सवार थे। सभी बच्चे हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैया लाल की.. के जयकारे लगा रहे थे।बीमाकुंज से सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुई शोभा यात्रा बंजारी, गुडशेफर्ड, विनीतकुंज, नयापुरा होते हुए ललिता नगर पहुंची। कुछ देर यहां विश्राम करने के बाद शोभायात्रा वापस बीमाकुंज आएगी। यहां पर भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक होगा। इसके बाद प्रसाद वितरण कार्यक्रम के साथ ही कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।