बारिश ने मौसम किया खुशनुमा
रात भर की बारिश से बढ़ गई भोपाल में ठंड रात में झमाझम बारिश के बाद राजधानी में ठिठुरन बढ़ गई है। बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान भले ही बढ़ गया , लेकिन नमी होने के कारण बाहर मौसम ठंडा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार से मौसम खुलने की संभावना है।आगे क्या?मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार तक प्रदेश में बादलों का डेरा रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे मौसम खुलेगा और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। तब तक भोपाल समेत पूरे प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश और ओले गिरने के आसार हैं। मंगलवार को शहर का न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 14.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।मौसम विभाग के मुताबिक घने बादल की वजह से मंगलवार को अधिकतम तापमान में काफी गिरावट आ सकती है। दिन भर हल्का कोहरा छाए रहने के आसार हैं। बारिश की वजह से वातावरण में काफी नमी आ गई है और धूप भी नहीं खिल रही है, इसलिए दिन का तापमान 21 से 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा था।मौसम विभाग के मुताबिक सेंट्रल इंडिया में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं का संगम हो रहा है। इस वजह से यहां काफी मात्रा में नमी आ गई है। वहीं ईस्ट एमपी में ऊपरी हवा का चक्रवात भी बना हुआ है। इस कारण पूरे प्रदेश में बादल छाए हुए हैं और बारिश हो रही है।बारिश से फसलों को फायदा, घना कोहरा पहुंचा सकता है नुकसानमौसम केंद्र के निदेशक और एग्रो एक्सपर्ट डॉ. अनुपम काश्यपि के मुताबिक प्रदेश में हो रही बारिश से फसलों को फायदा होगा, क्योंकि मिट्टी में बिल्कुल नमी नहीं थी। घना कोहरा यदि ज्यादा दिन तक रहा तो फसलों में कीड़े पड़ सकते हैं। ओलावृष्टि ज्यादा नहीं हुई, इसलिए इससे नुकसान नहीं होगा।