कोलार में पानी के कमी ,लोग हो रहे हैं परेशान
गर्मी पड़ने से पहले ही कोलार इलाके में पानी की कमी शुरू हो गई है। हर साल ही तरह इस साल भी कोलार क्षेत्र में गर्मी के सीजन में पानी की किल्लत को लेकर मारा-मारी होगी। नगर निगम ने अब तक उपनगर में पेयजल आपूर्ति के लिए कोई कार्य योजना नहीं बनाई है। फरवरी के महीने में गर्मी के तेवर ऐसे हैं तो मई अप्रैल में कितनी भीषण गर्मी पड़ेगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। कोलार में सबसे बड़ी समस्या पीने के पानी की है। हैरत की बात यह है कि निगम के जलकार्य शाखा ने अब तक पेयजल आपूर्ति के लिए कोई कार्य योजना तैयार नहीं की है। लिहाजा शाखा के प्रमुख अफसरों ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को भगवान भरोसे छोड़ रखा है। सूत्रों की मानें तो निगम कार्यालय में लोग आकर पानी की डिमांड कर रहे हैं। इसके बावजूद निगम के जलकार्य शाखा के अफसरों की नींद नहीं खुल रही है। जबकि जलकार्य शाखा के अफसरों का कहना है कि जल आपूर्ति के लिए जल्द कार्य योजना तैयार की जाएगी। वर्तमान हालत: क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के लिए करीब 26 टैंकरों से पानी सप्लाई 28 कॉलोनियों में की जा रही है, जो ऊंट के मुंह में जीरे के सामान है। कोलार में लगभग 200 से अधिक कॉलोनियां हैं।