उज्जैन। महाशिवरात्रि पर्व शुक्रवार, 21 फरवरी को मनाया जाएगा। उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है। उज्जैन कमिश्नर अजीत कुमार और पुलिस महानिरीक्षक राकेश गुप्ता ने गुरुवार को दोपहर में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर एवं मंदिर के आस-पास का निरीक्षण कर महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों और व्यवस्थाओंका जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।
कमिश्नर-आईजी ने महाकाल मंदिर में दर्शनार्थियों की दर्शन व्यवस्थायओं का जायजा लिया और जहां कमी पाई गई, उन कमियों को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान डीआईजी वरुण कपूरिया, कलेक्टर शशांक मिश्र, पुलिस अधीक्षक सचिन अतुलकर, नगर निगम आयुक्त ऋषि गर्ग, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी आरपी तिवारी, प्रशासक एसएस रावत तथा पुलिस एवं जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
महाशिवरात्रि पर्व पर शांति एवं कानून व्यवस्थाओं के लिए संपूर्ण मंदिर परिक्षेत्र में कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसी तरह अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तैनात किया गया है।