भोपाल। मध्य प्रदेश में ठिठुरा देने वाली सर्दी का प्रकोप जारी है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से लगातार मौसम का मिजाज बदल रहा है। शीतलहर का दौर चल रहा है और लगातार तापमान में गिरावट हो रही है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री दर्ज किया गया तो कई जिलों में कोल्ड डे रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है।
सोमवार को सुबह से राजधानी भोपाल में मौसम साफ है और धूप निकली हुई है। लेकिन सर्द हवाओं के चलने के कारण कडक़ड़ाती ठंड का एहसास हो रहा है। लोग घरों से निकलने से पहले पूरी तरह गर्म कपड़ों से खुद को ढक कर निकल रहे है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक उदय सरवटे ने जानकारी देते हुए बताया कि अगले 24 घंटे में सिवनी, मंडला व बालाघाट जिले में हल्की गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।वही शहडोल, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़, ग्वालियर, दतिया, श्योपुरकलां, भिंड, मुरैना में हल्का कोहरा भी छाने की संभावना है। वहीं शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
कई जिलों में 5 डिग्री से नीचे पारा
रविवार को गुना, भोपाल, बैतूल, शाजापुर, उज्जैन और सिवनी में कोल्ड डे रहा वही प्रदेश के बैतूल, रायसेन, रीवा और उमरियाम में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 11 फरवरी 1950 को रात का तापमान सबसे कम 1.7 डिग्री दर्ज किया गया था। पिछले 10 साल में 2012 में 10 फरवरी को यह 5.4 डिग्री दर्ज था, वही 9 फरवरी 2019 को भी यह 5.8 डिग्री रहा था। 28 शहरों में तापमान 5 से 10 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। वहीं पिछले 24 घंटे में जबलपुर, शहडोल व होशंगाबाद संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हुई। शेष संभागों का मौसम शुष्क रहा। रीवा, सागर, होशंगाबाद व इंदौर संभागों में सामान्य से कम तथा शेष संभागों में न्यूनतम तापमान सामान्य दर्ज किया गया।