मध्यप्रदेश में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड 10 शहरों में तापमान पहुंचा 10 डिग्री से नीचे
भोपाल। देश के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और उत्तर भारत की ओर से आ रही सर्द हवाओं ने मध्यप्रदेश की फिजा में फिर से ठंड घोल दी है। इसके चलते प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट आई है। राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में रविवार को सुबह तेज हवाएं चलने से लोग कांपते नजर आए। भोपाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री पहुंच गया, जबकि राज्य के 10 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।
भोपाल मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरआर त्रिपाठी ने रविवार को बताया कि देश के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी होने के कारण प्रदेश में फिर से ठंड में इजाफा हुआ है। इसके साथ ही राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी होने से भी तापमान में गिरावट आई है। सोमवार के बाद मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है और तापमान में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात प्रदेश के दस शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। प्रदेश में सबसे कम तापमान रीवा में 6.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बैतूल में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री रहा। इसके अलावा खजुराहों में 7.0, दतिया में 7.1, धार में 7.9, रायसेन और सीधी में 8.0, खरगोन में 8.2, पचमढ़ी और टीकमगढ़ में 8.4 और शाजापुर में 8.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहा।