भोपाल | मध्य प्रदेश के तापमान में गिरावट लगातार जारी है| मौसम साफ रहने के साथ ही हवा का रुख उत्तरी बना रहने से ठंड के तेवर फिर तीखे हो गए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रीवा, उमरिया, नौगांव और रायसेन में दर्ज किया गया। हालांकि शुक्रवार को मध्य प्रदेश में अनेक जिलों में जहां सुबह से दोपहर तक तेज धूप खिली रही वहीं कई जगह ठंडी हवाओं की वजह से भी जन जीवन पर असर पड़ा।
मौसम विज्ञानियों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार से ठंड से कुछ राहत मिलने के आसार जताए गए हैं। इसके साथ ही तीन दिन बाद प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बरसात की भी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने मौसम के मिजाज की जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल कोई वेदर सिस्टम नहीं होने से मौसम साफ है। साथ ही हवा का रुख लगातार उत्तरी बना हुआ है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं से पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई है।
27 जनवरी को हवाओं का रुख बदलने से बादल छाने लगेंगे
शुक्ला के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान पर है, जिसके 27 जनवरी को उत्तर भारत में दाखिल होने की संभावना है। इससे हवाओं का रुख बदलने से बादल छाने लगेंगे। 28 से 30 जनवरी तक प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बरसात होने की भी संभावना है।