Advertisement
भोपाल। पिछले तीन दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड से रविवार को प्रदेश वासियों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि नौ शहरों में शनिवार रात न्यूनतम पारा पांच डिग्री से नीचे रहा। इसमें रायसेन, बैतूल, पचमढ़ी, रीवा, उमरिया, टीकमगढ़, श्योपुर, नौगांव शामिल है। जबकि एक दिन पहले 18 शहरों में पारा पांच डिग्री से नीचे था। इधर, मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 18 जनवरी से प्रदेश में कड़ाके की ठंड दोबारा लौटेगी। भोपाल में न्यूनतम तापमान एक दिन में 3.4 डिग्री बढक़र 8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से राजस्थान के पास ऊपरी हवा के चक्रवात बना है। इस वजह से हवा के पैटर्न में बदलाव आ रहा है। पिछले तीन दिन से उत्तर-पूर्वी बर्फीली हवाएं चल रही थीं, जिससे पारा नीचे चला गया था। इधर, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में रीवा, शहडोल व जबलपुर संभाग में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में आगामी दो दिनों तक कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी के बाद हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
बैतूल में बारिश, रायसेन में तीन डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के रीवा, होशंगाबाद, जबलपुर, नरसिंहपुर, शिवपुरी व राजगढ़ में कहीं-कहीं शीतल दिन रहा। वहीं उमरिया, बैतूल, सिवनी व रायसेन में शीतलहर चली। न्यूनतम तापमान रीवा संभाग के जिलों में काफी गिरा। वहीं शहडोल, सागर, ग्वालियर व चंबल संभाग में कोई विशेष परिवर्तन मौसम में नहीं हुआ। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर व चंबल संभाग के जिलों में सामान्य से कम, शेष संभाग में सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस रायसेन में रिकॉर्ड किया गया। बैतूल में हल्की बारिश भी हुई।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |