भोपाल। वेदर सिस्टम समाप्त होते ही आसमान साफ हो गया है। इसके साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी हो गया है। जिसके चलते शुक्रवार रात से ही ठंड बढ़ गई और जिसका असर रविवार को धूप निकलने के बाद भी हवा में सिहरन के रूप में महसूस किया जाता रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी 2-3 दिन तक रात के तापमान में गिरावट दर्ज होती रहेगी। 8 जनवरी के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा और बारिश की संभावना बनेगी।
बीते दिनों गुजरात पर बना था हवा का चक्रवात
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रवक्ता के मुताबिक पिछले दिनों गुजरात पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना था। इसके अतिरिक्त राजस्थान से उत्तरी मप्र होकर झारखंड तक एक ट्रफ बना हुआ था। इन दो सिस्टम के कारण वातावरण में नमी बढ़ी हुई थी और प्रदेश के कुछ जिलों में बरसात हो रही थी। तापमान में अंतर कम होने के कारण अब दिन में भी कंपकपाने वाली ठंड पडऩे लगी है। बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब मध्यप्रदेश में घने से अति घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। पिछले कुछ दिनों से कभी हल्का तो कभी घना कोहरा छा रहा है। शनिवार को भी भोपाल से लेकर ग्वालियर के बीच कहीं घना कोहरा तो कहीं हल्का कोहरा छाया रहा। इस दौरान वाहन चालकों को परेशानी का सामना
हवा का रुख उत्तरी हुआ, उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी उदय सरवटे ने बताया कि दोनों सिस्टम समाप्त हो गए हैं। इससे मौसम साफ हो गया है। साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी हो गया है। उत्तर भारत वर्तमान में कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वहां से आ रही सर्द हवाओं ने एक बार फिर प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। सरवटे के मुताबिक अभी दो-तीन दिन तक ठंड के तेवर तीखे बने रहेंगे। इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दस्तक देने से आठ जनवरी से प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदलेगा। बादल छाएंगे और कई स्थानों पर बरसात की संभावना बनेगी।
भोपाल में दिन सबसे ठंडा, शिवपुरी में रात
इधर, मौसम विभाग ने शनिवार शाम को जो रिपोर्ट दी है, उसके मुताबिक मध्यप्रदेश में अधिकतम तापमान (17.2 डिग्री से) सबसे कम भोपाल का रहा। यानी दिन में भोपाल में सबसे अधिक ठंडी रही। वहीं शिवपुरी में न्यूनतम तापमान (5 डिग्री से) सबसे कम रहा। यानी यहां रातें बहुत ठंडी रही।
यहां रहेगा अति घना कोहरा
-भोपाल स्थित मौसम विभाग ने चेतावनी दी है। मध्यप्रदेश के सागर, रीवा, ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में घने से भी अति घना कोहरा छा सकता है।
-उज्जैन, भोपाल और जबलपुर संभागों के जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।
-ग्वालियर-सागर संभागों के जिलों में और बैतूल, नरसिंहपुर, रायसेन, भोपाल और खरगौन जिलों में कोल्ड डे रहने की संभावना है।