भोपाल। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के चलते राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन और रात के तापमान में गिरावट होने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्रीसे. उमरिया में रिकार्ड किया गया। भोपाल में बुधवार-गुरुवार की रात का न्यूनतम तापमान 13 डिग्रीसे.दर्ज किया गया, जो कि इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। इसके पूर्व 19 नवंबर को न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्रीसे. दर्ज हुआ था। मौसम विज्ञानियों ने 2-3 दिन तक तापमान में गिरावट का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है।
14 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हवाएं
मौसम विज्ञान केंद्र के प्रवक्ता के मुताबिक औसत 14 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तरी,उत्तर-पूर्वी हवाएं चल रही हैं। इस वह से वातावरण में ठंडक बढ़ गई है। साथ ही रात के साथ ही अब दिन के तापमान में गिरावट होने लगी है। इसी क्रम में गुरुवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 24.9 डिग्रीसे. दर्ज किया गया,जो कि सामान्य से 2 डिग्रीसे.कम रहा। यह बुधवार के अधिकतम तापमान (26.0) के मुकाबले 1.7 डिग्रीसे.कम भी है।
मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। हवा का रुख भी लगातार उत्तरी बना हुआ है। इस वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। यह सिलसिला 8-9 दिसंबर तक जारी रहने के आसार हैं। इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने से मौसम का मिजाज बदलेगा। हवाओं का रुख बदलने से तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने लगेगी।