Video

Advertisement


उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने प्रदेश में बढ़ाई ठिठुरन
bhopal,Cold winds, North India, increased chill
भोपाल। हिमाचल और कश्मीर में हुई बर्फबारी की वजह से आ रही सर्द हवाओं के चलते मौसम ने मध्य प्रदेश में भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और पारा लुढ़कने लगा है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के चलते रात के तापमान में लगातार गिरावट होने लगी है। इसी क्रम में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को ग्वालियर का तापमान 6 डिग्री से 5.8 डिग्री दर्ज किया गया,जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
 
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला 8-9 दिसम्बर तक चलेगा। इसके बाद तापमान में बढ़ोत्तरी होने लगेगी। राज्य के कुछ शहरों में तो लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है।
 
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि पिछले दिनों उत्तर भारत में हुई बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में जबरदस्त ठंड शुरू हो गई है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं ने मैदानी इलाके में सिहरन बढ़ाना शुरू कर दिया है। शुक्ला के मुताबिक वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी बना हुआ है। करीब 12 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही उत्तरी हवा के कारण ठंड बढ़ने लगी है। यह सिलसिला अगले 4 दिन तक जारी रहने के आसार हैं। इसके बाद उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने से हवाओं का रुख बदलेगा। इससे एक बार फिर रात के तापमान में इजाफा होगा।
 
हवा की दिशा बदलने से मालवा में नहीं गिर रहा तापमान
अजय शुक्ला के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी हवा से ग्वालियर, चंबल संभाग में तो रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज हो रही है, लेकिन मालवा क्षेत्र में रात के तापमान बढ़े हुए हैं। दरअसल, प्रदेश में आ रही उत्तरी हवा की दिशा बाद में बदलकर पूर्वी हो जा रही है। इस वजह से अभी मालवा क्षेत्र में अपेक्षाकृत ठंड नहीं पड़ रही है।
 
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि बुधवार से उत्तरी हवाओं का प्रदेश में आगमन होने लगा है। इससे रात्रि के साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट आने लगी है। खासकर उत्तरी मध्यप्रदेश में इसका ज्यादा प्रभाव है, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या इससे नीचे खिसक गया है। बुधवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस ग्वालियर में रिकार्ड किया गया। इसके साथ ही दतिया में 6.8 डिग्री, खजुराहो में 7 डिग्री, नौगांव में 8.3 डिग्री, उमरिया में 8.6 डिग्री टीकमगढ़ में 8.7 डिग्री, सतना में 9.0 और श्योपुर में 9.6 डिग्री तथा रीवा में 12 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ है।
 
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार अधिकतम तापमान में भी अधिकांश स्थानों पर एक एक डिग्री पारा लुढक़ा है।अगले 24 घंटों में भी मौसम का हाल लगभग ऐसा ही बने रहने का अनुमान है। कहीं पारा हल्का चढ़ सकता है तो कहीं लुढक़ सकता है। राजधानी भोपाल में भी शाम होते ही सर्द हवाओं से ठिठुरन भरी ठंड का असर दिखने लगा है। यहां बुधवार को अधिकतम तापमान कल की तुलना में 0.6 डिग्री बढक़र 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य है। न्यूनतम मंगलवार के मुकाबले 1.1 डिग्री गिरकर 14.3 डिग्री दर्ज किया गया, हालांकि यह सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है।

 

Kolar News 5 December 2019

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.