टीकमगढ़/निवाड़ी। मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में स्थित ऐतिहासिक नगर ओरछा में इन दिनों भगवान श्रीराम का विवाह महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। ओरछा के विश्व प्रसिद्ध श्रीरामराजा मंदिर में रविवार को सुबह से ही विवाह की रश्में चल रही हैं और रात में भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली जाएगी, जिसमें लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
दरअसल, भगवान श्री रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में प्रतिवर्ष तीन दिवसीय श्रीराम विवाह महोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। इस साल इस वैवाहिक महोत्सव का शुभारम्भ शनिवार को दोपहर तीन बजे हुआ। श्रीरामराजा मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शनिवार शाम को गणेश पूजन के साथ ही मंडप का कार्यक्रम हुआ, जिसमें निवाड़ी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने विधिवत मण्डपाच्छादन कर पूजन किया। इस दौरान महिलाओं द्वारा विवाह पर विशेष गीत ...हरे बांस मंडप छाए, सिया जू को राम ब्याहन आए...जैसे गीत गाए गए। मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव भी शनिवार की रात ओरछा पहुंचकर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
ओरछा महोत्सव में दूसरे दिन रविवार को सुबह से ही श्रीरामराजा मंदिर में भगवान श्रीराम के विवाह की विभिन्न रश्में चल रही हैं। वहीं, रविवार की रात करीब साढ़े सात बजे से श्रीरामराजा मंदिर से भगवान श्रीराम की भव्य बारात राजसी ठांट-बाट के साथ निकली जाएगी। बारात के मंदिर से निकलते ही सशस्त्र पुलिस बल द्वारा दूल्हा बने राजा श्रीराम को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद प्रभु राम पालकी में विराजमान होकर नगर के प्रमुख प्राचीन एवं पारम्परिक मार्गों से गाजे-बाजों, हाथी-घोड़ों के साथ नगर का भ्रमण करेंगे। बारात में धर्मध्वज, बैंड-बाजे, आकर्षक लाइटों की सजावट के साथ-साथ धार्मिक कीर्तन मंडली रामधुन बजाते हुए साथ चलेगी। इस दौरान दूल्हा बने राजाराम का नगर के प्रत्येक घर के द्वार पर पारम्परिक मंगल गीत गायन करते हुए तिलक किया जाएगा और जगह-जगह बारात पर पुष्प वर्षा की जाएगी। बारात रामराजा मंदिर से नझाई मुहल्ला, शास्त्री नगर, गणेश दरवाजा होती हुई, नगर के मुख्य चौराहे पर स्थित जनकजी के मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद रात में वैदिक रीति रिवाज के अनुसार विवाह की सभी रस्मे होंगी।