भोपाल। उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में लगातार जारी बारिश से बर्फीली हवाओं का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में कोहरे ने भी दस्तक दे दी है। भोपाल समेत प्रदेश के पांच जिलों में कोहरा छाने लगा है। इधर प्रदेश में दिसम्बर के पहले सप्ताह में कंपकपाने वाली ठंड बढऩे लगेगी। हवा का रुख बदलने से शनिवार दोपहर से वातावरण में सिहरन बढ़ गई है। रविवार से ठंड में इजाफा होने के आसार हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अब रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है। दो-तीन दिन में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्रीसे. तक की गिरावट हो सकती है।
मध्यप्रदेश में उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों से आने वाली बर्फीली हवाओं से तापमान में ठंड बढ़ गई है, साथ ही ग्वालियर से लेकर भोपाल तक कुछ जिलों में कोहरा छाने लगा है। भोपाल समेत श्योपुरकला, भिंड, मुरैना, ग्वालियर और दतिया में हल्के से मध्यम कोहरा छाने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि एक दिसबर तक यहां कोहरा और घना हो सकता है। कोहरे का असर रेल और हवाई सेवा पर भी पड़ सकता है। गौरतलब है कि दिसंबर में जब भी कोहरा बढ़ता है इस कारण कई ट्रेनें और फ्लाइट पर भी इसका असर पड़ता है।
मौसम विज्ञानी एसएन साहू के मुताबिक राजस्थान पर बना सिस्टम हरियाणा की तरफ खिसक गया है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के असर से बना प्रति चक्रवात भी कमजोर पड़ गया है। इस वजह से शनिवार से हवा का रुख उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हो गया है। इससे वातावरण में सिहरन बढऩा शुरू हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को भोपाल में दिन का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्रीसे. रिकार्ड हुआ, जो शुक्रवार के अधिकतम तापमान (30.3) के मुकाबले 1.4 डिग्रीसे. कम रहा। साहू के मुताबिक हाल ही में उत्तर भारत में बर्फबारी के साथ ही बरसात भी हुई है। इस वजह से वहां से आने वाली सर्द हवाओं से राजधानी सहित मध्य प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर ठंड बढ़ेगी।
कहां-कहां पड़ेगा कोहरा
-ग्वालियर: 3 दिसम्बर से कोहरे की आशंका ।
ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री पर है, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री पर है। यहां 5 दिसंबर से तापमान 11 डिग्री से नीचे चले जाएगा, जबकि अधिकतम तापमान 26 रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 3 दिसंबर से उत्तर भारत से लगे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में कोहरा छा जाएगा।
भोपाल: अगले सप्ताह ज्यादा पड़ेगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को भोपाल का तापमान 16 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान अब भी 30 बना हुआ है। यहां 6 दिसंबर के बाद तापमान 12 डिग्री से कम होने का अनुमान है। दो डिग्री अधिकतम तापमान में भी गिरावट के आसार है। सागर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री बना हुआ है, जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री है। 6 दिसंबर को न्यूनतम 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री होने का अनुमान है। बैतूल में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री डिग्री है, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री। यहां 6 दिसंबर से न्यूनतम तापमान 11 डिग्री होने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान भी कम होना शुरू हो जाएगा।
इंदौर में छा जाएगा कोहरा
इंदौर में अब भी न्यूनतम तापमान 17 डिग्री है, जबकि अधिकतम तापमान 30 डिग्री। 6 दिसंबर से यहां भी लगातार तापमान में गिरावट की संभावना जताई गई है। इंदौर में 2 दिसम्बर से 4 दिसम्बर तक कोहरा छा जाएगा।
जबलपुर में भी दो दिन कोहरा
जबलपुर में भी 3 और 4 दिसम्बर को आंशिक कोहरा छाने का अनुमान है। यहां का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री है, जो लगातार कम होना शुरू हो गया है। 6 दिसम्बर को न्यूनतम 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री हो जाएगा।