Video

Advertisement


दिसंबर आते ही तीखे होंगे ठंड के तेवर
bhopal, December arrives, cold
भोपाल। अमूमन नवंबर माह में रात के तापमान में खासी गिरावट होने लगती है, लेकिन इस वर्ष नवंबर माह बीतने को है और अभी तक एक भी दिन न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज नहीं हुआ है। हालात यह हैं कि 4 वर्षों में इस बार नवंबर का न्यूनतम औसत तापमान 3 डिग्रीसे. तक  अधिक है। उधर अधिकतम औसत तापमान 4 वर्षों की तुलना में इस बार कुछ कम है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस वर्ष सीजन समाप्त होने के बाद भी डेढ़ माह तक रुक-रुक कर बरसात का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान क्वांर का माह भी बीत किया। तीखी धूप नहीं पडऩे से वातावरण में नमी बनी रही। इस वजह से रात के तापमान में गिरावट नहीं हो सकी। हालांकि दिसंबर की शुरूआत में हवाओं का रुख बदलने से ठंड के तेवर तीखे होने के आसार हैं।
 
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 29.3 डिग्रीसे. रिकार्ड किया गया,जो कि सामान्य से 1 डिग्रीसे. अधिक है। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात का तापमान 15.6 डिग्रीसे. दर्ज हुआ,जो कि सामान्य से 3 डिग्रीसे. अधिक है। मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान पर एक प्रेरक चक्रवात बना हुआ है। इस सिस्टम के कारण हवाओं का रुख दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। इससे वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ रही है। नमी के कारण ऊंचाई पर बन रहे बादलों से रात के तापमान में गिरावट नहीं हो पा रही है। उधर बादलों की वजह से दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं हो रही है। साहा ने बताया कि इस सीजन में एक भी बार रात का तापमान सामान्य से कम दर्ज नहीं हुआ। इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्रीसे.19 नवंबर को दर्ज किया गया था,जो कि सामान्य रहा था।
 
क्यों नहीं गिर रहा रात का तापमान
 
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा के मुताबिक एक के बाद एक आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में बर्फबारी भी हो रही है, लेकिन हवा का रुख लगातार उत्तरी नहीं होने से तापमान में गिरावट नहीं हो रही है। इसके अतिरिक्त इस बार अक्टूबर मध्य तक रुक-रुक कर बरसात का सिलसिला जारी रहने से क्वांर के माह (इस वर्ष 15 सितंबर से 13 अक्टूबर तक क्वांर माह था) में पडऩे वाली तीखी धूप नहीं मिल सकी। इस धूप से बरसात के बाद वातावरण में मौजूद नमी समाप्त हो जाती है। इससे रात के तापमान में गिरावट होने लगती है।
 
दिसंबर में तीखी ठंड के आसार
 
पीके साहा के मुताबिक उत्तर भारत में बर्फबारी हो रही है। एक और पश्चिमी विक्षोभ 30 नवंबर को उत्तर भारत में सक्रिय होगा। इससे उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में क ड़ाके की ठंड पड़ेगी। साथ ही हवा का रुख भी उत्तरी होने की संभावना है। इससे दिसंबर माह की शुरूआत में ठंड के तेवर तीखे होने की पूरी संभावना है।
Kolar News 29 November 2019

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.