भोपाल। भाजपा के वरिष्ठ नेता, राजनीति में सादगी- पारदर्शिता के प्रतीक, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह 10:45 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचा। कैलाश जोशी के पार्थिव देह को भाजपा कार्यालय मैं अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। यहां पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, रामेश्वर शर्मा, विधायक विश्वास सारंग, पूर्व सांसद आलोक संजर आदि नेताओं ने भाजपा कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि दी। भाजपा कार्यालय में राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई जो बैरागढ़, सीहोर और आष्टा होते हुए हाटपिपलिया पहुंचेगी। जहां दोपहर 3:00 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शिवराज सिहं चौहान ने ट्वीट कर कैलाश जोशी को अंतिम विदाई देते हुए कहा कि ‘भाजपा कार्यालय में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय कैलाश जोशी जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मध्यप्रदेश ने अपने एक सच्चे सपूत को खो दिया है। आपके बिना मध्यप्रदेश सदैव अधूरा रहेगा। विनम्र श्रद्धांजलि’! एक अन्य ट्वीट कर उन्होंने कहा कि ’राजनीति के संत, श्रद्धेय कैलाश जोशी जी चले गए। उनके कारण ही भाजपा का यह भव्य स्वरूप है। हमारे लिए, हर जनप्रतिनिधि के लिए उनका जीवन और उनकी कार्यप्रणाली आज प्रेरणा का स्रोत है। जोशी जी जैसे व्यक्तित्व युगों में पैदा होते हैं। उनके चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं’। अपने आखिरी ट्वीट में शिवराज ने कहा ‘राजनीति के संत, कैलाश जोशी को भोपाल, भाजपा कार्यालय में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। वह आम जन के नायक थे। उनका जाना मध्य प्रदेश के करोड़ों करोड़ लोगों की आंखों को नम कर गया। आपको कभी भुलाया न जा सकेगा। विनम्र श्रद्धांजलि’!