इंदौर। लोकायुक्त पुलिस की टीम ने शुक्रवार की सुबह देपालपुर में पंचायत सचिव के घर छापा मारा। आय से अधिक संपत्ति के मामले मेें की गई इस कार्रवाई में अभी तक कृषि भूमि, जमीन, सोने-चांदी के जेवरात और लाखों रुपये नकदी का पता चला है। शुरुआती जांच में करीब दो करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है। वहीं जमीनों व बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिससे संपत्ति का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।
लोकायुत की टीम शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े पांच बजे पंचायत सचिव दुबे के घर पहुंची। दरवाजे पर लोकायुत पुलिस को देख दुबे की नींद के साथ उसके होश भी उड़ गए। डीएसपी एसएस यादव और संतोष सिंह भदौरिया की अगुवाई पहुंची लोकायुक्त पुलिस टीम ने दुबे को सर्च वारंट दिखाया और सभी को एक कमरे में बैठाकर की सर्चिंग शुरू की गई। विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त इंदौर के एसपी एसएस सराफ ने बताया कि दुबे जनपद पंचायत देपालपुर की ग्राम पंचायत अत्याना में पंचायत सचिव है। दुबे के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति का प्रकरण दर्ज हुआ था। इसके बाद लोकायुत पुलिस ने विशेष न्यायालय इंदौर से सर्च वारंट लेकर देपालपुर उसके घर पर सुबह से कार्रवाई शुरू की। योगेश दुबे की जमीन जायदाद, संपत्ति और बैंक खातों के बारे में लोकायुक्त पुलिस ने जानकारी जुटाई, जिसमें कृषि भूमि के अलावा अन्य जमीनों का पता चला है। वहीं नकदी के अलावा करीब 15 तोला सोने के जेवरात और चांदी के आभूषण के साथ ही अचल संपत्तियों में वाहन भी मिले हैं।
गौरतलब है कि पंचायत सचिव के खिलाफ कई गांव वाले शिकायत कर चुके हैं और लंबे समय से लोकायुक्त पुलिस पंचायत सचिव योगेश दुबे के क्रियाकलापों पर नजर रख रही थी। फिलहाल पंचायत सचिव की कुल संपत्ति के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है। योगेश दुबे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का प्रकरण दर्ज होने के बाद विशेष न्यायालय इंदौर से सर्च वारंट जारी किया गया था।
अब तक यह खुलासा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पंचायत सचिव के पास अब तक तीन मकान, जमीन, नगदी सहित अन्य सामग्री की जानकारी मिली है। लोकायुक्त डीएसपी संतोष सिंह भदौरिया ने बताया अब तक छापे में करीब 15 तोला सोना, 4 लाख 16 हजार रुपये नकद, 2 मकान, देपालपुर में साढ़े 3 बीघा जमीन पाई गई है, जो उसकी आय से कहीं ज्यादा है। लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक 1997 से नौकरी में आए योगेश दुबे की आय अब तक 20 लाख होनी चाहिए थी, जबकि कार्रवाई के महज 2 घंटे में ही इनके पास अब तक करीब 2 करोड़ की संपत्ति का खुलासा हो चुका है और आगे की जांच और संपत्ति के बारे में जानकारी मिल सकती है। फिलहाल छापे की कार्रवाई चल रही है और अवैध संपत्ति का आंकड़ा बढऩे की संभावना है।