Advertisement
आगामी दुर्गा विसर्जन व दशहरा चल समारोह को लेकर हिंदू संगठन प्रशासन की सख्ती के बाद से गफलत में हैं। इसको लेकर सोमवार को हिंदू उत्सव समिति व आयोजन से जुड़ी अन्य समितियों के पदाधिकारियों की बैठक भी हुई थी। इसमें तय किया गया कि आयोजक समिति के साथ 11 बिंदुओं पर प्रशासन सहयोग करे, ताकि सभी पर्व हर्षोल्लास और परंपरानुसार मनाए जा सकें। मंगलवार को हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने धर्मस्व मंत्री पीसी शर्मा को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि दुर्गा विसर्जन और दशहरा चल समारोह के दिन शराब व मांस बिक्री पर पूर्ण रूप से पाबंदी रहे।
श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष कैलाश बेगवानी ने बताया कि धर्मस्व मंत्री को 11 सूत्रीय पत्र सौंपा है। इसमें मांग की गई है कि दुर्गाजी की जो मूर्तियां बन गईं हैं, उन्हें स्थापित करने दिया जाए। उनके विसर्जन में पुलिस सहयोग करे। झांकियों में साउंड, डीजे बजाने का समय शाम 5 से 12 बजे तक रहे। झांकियों में अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था हो। बिजली की व्यवस्था नियमानुसार की जाए। विसर्जन के लिए सभी वाहन एक ही स्थान पर एकत्रित किए जाएं। विसर्जन के लिए घाटों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें। विजयादशमीं पर शस्त्र पूजा व चल समारोह में अखाड़ों का संचालन करने में कोई बाधा न डालें। चल समारोह वाले दिन शराब दुकानें बंद (ड्राइ-डे) रखने और अवैध शराब की बिक्री न हो। विजय भूमि छोला मैदान में स्ट्रीट लाइट सुधारने, मैदान की पुताई कराने, बिजली, टेलीफोन, केबल को दुरुस्त रखा जाए।
खटलापुरा घाट पर पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
खटलापुरा घाट पर गणेश विसर्जन के दौरान हुए हादसे के बाद पुलिस सतर्क है। पुलिस ने इस घाट को अपने कब्जे में ले लिया है। घाट पर बेरीकेड्स लगाकर घेराबंदी कर दी गई है। वहीं हिंदू संगठन इस घाट पर कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर विरोध-प्रदर्शन का सहारा ले रहे हैं। अब इस घाट पर पुलिस ने पूजा-पाठ कराना बंद कर दिया।
अर्जुन सिंह दशहरा मैदान में मनेगा दशहरा पर्व
अशोका गार्डन स्थित अर्जुन सिंह दशहरा मैदान में हर्षोल्लास के साथ दशहरा पर्व मनेगा। आयोजन की तैयारियों को भव्यता प्रदान करने मंगलवार को अर्जुन सिंह दशहरा मैदान उत्सव समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों की बैठक हुई। महेंद्र सिंह चौहान को आयोजन समिति का संरक्षक और अखिल मिश्रा अध्यक्ष मनोनीत किए गए। पदाधिकारियों ने दशहरा पर्व में होने वाले खर्च का लेखा-जोखा रखा। बैठक में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
हिंदू अखाड़ा महासंघ के पदाधिकारियों की बैठक
चल समारोह के साथ निकलने वाले अखाड़े में कई युवक करतब दिखाते हैं। श्री हिंदू अखाड़ा महासंघ के उपाध्यक्ष अनिल ठाकुर ने बताया कि समारोह में अखाड़ा अपनी उत्कृष्ट कला के जरिए आत्म रक्षा के साथ स्वस्थ्य रहने का संदेश देता है। इस संबंध में मंगलवार को प्रेम कुटीर बस स्टैंड पर हिंदू अखाड़ा महासंघ के पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में समारोह को भव्यता देने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। ओम सेन को दशहरा व दुर्गा विसर्जन समारोह का प्रभारी नियुक्त किया।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |