Video

Advertisement


32 साल में चौथी बार फुल हुआ कोलार डैम, दो गेट खोले
कोलार डैम भी लबालब

दो दिन से हो रही बारिश से कोलार डैम भी लबालब हो गया। फुल टैंक लेवल के करीब पहुंचते ही सोमवार शाम करीब 5 बजे डैम के दो गेट खोल दिए गए। इस दौरान घने जंगलों से घिरे इस विशाल डैम का मनोहारी दृश्य देखते ही बन रहा था। 461.88 मीटर तक पानी पहुंचने पर डेढ़ फीट तक डैम के दो गेट खोल दिए गए। शहर की जरूरत के हिसाब से इस बार तीन साल का पानी जमा हो गया है। बता दें कि 32 साल में चौथी बार कोलार डैम फुल हुआ है।

जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तीन साल बाद कोलार डैम छलका है। इससे पहले 2016 में कोलार डैम के गेट खोले गए थे। सोमवार शाम करीब 5 बजे कोलार डैम के दो गेट खोले गए। बीते शनिवार से लगातार हो रही बारिश के कारण रविवार दोपहर 12 बजे के बाद कोलार डैम के जलस्तर में इजाफा होने लगा था। इसके अलावा कलियासोत डैम के इस सीजन में रिकार्ड 18 घंटे गेट खोले गए।

 

कोलार की जल विस्तार क्षमता अधिक होने के कारण एफटीएल की स्थिति बारिश के तीन माह बाद बनी है। गेट खोलने से पहले जलसंसाधन विभाग ने जिला प्रशासन व नगर निगम को सूचना दी थी। ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में हालात को काबू में किया जा सके। साथ ही कोई अप्रिय घटना न हो। कोलार बांध का एफटीएल 462.20 मीटर है। शनिवार को सुबह 8 बजे से 12 बजे तक 459.53 मीटर तक जलभराव रहा। फिर तेज बारिश से रविवार रात 8 बजे तेजी से पानी भरने लगा और 460.40 मीटर जलभराव रहा। सोमवार दोपहर 4 बजे 461.88 मीटर जलभराव दर्ज किया।

कोलार डैम से शहर में जाता है 61 एमसीएम पानी

 

कोलार डैम से 61 एमसीएम पानी शहर के लिए जाता है। सीहोर जिले में सिंचाई के लिए यहां के पानी का उपयोग होता है। कोलार की 265 एमसीएम कुल पानी भराव की क्षमता है। मतलब शहर में कोलार से होने वाले तीन साल तक पानी सप्लाई की समस्या नहीं होगी।

छोड़े गए पानी से दो दिन तक सप्लाई की जा सकती है

 

शहर के लिए कोलार से प्रतिदिन 1.65 क्यूसेक पानी लिया जाता है। डैम की अधिकतम जलभराव क्षमता को बनाए रखने के लिए डैम से 3.29 क्यूसेक पानी की निकासी की गई। मतलब छोड़े गए पानी से शहर को दो दिनों तक पानी सप्लाई की जा सकती थी।

कोलार डैम के अब तक कुल 7 बार गेट खोले गए हैं। सबसे पहले वर्ष 1994 फिर 1996, 1999, 2006, 2013, 2016 और अब 2019 में दो गेट खोले गए। अधिकारियों की माने तो डैम से कुल 116.8 क्यूमेक्स पानी की निकासी की गई।

 

कलियासोत : 6 गेट खोले, छोड़ा पानी

कलियासोत डैम के 6 गेट रविवार सुबह 11 से सोमवार शाम 6 बजे तक खुले रहे। आधे घंटे बाद शाम 06.30 बजे दो गेट बंद किए गए। चार गेट से लगातार पानी निकासी जारी है। जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डैम से 6600 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। कलियासोत का एफटीएल 505.67 मीटर है। यहां 505.50 मीटर तक जल स्तर को मेनटेंन किया जा रहा है। रविवार सुबह 8 बजे से 505.67 मीटर तक पानी पहुंचने पर,फिर पानी छोड़ा गया।

 

भदभदा डैम : 33 घंटे से खुले हैं गेट

बड़े तालाब को भरने वाली कोलांस नदी 12 से 15 फीट ऊंचाई पर बह रही थी, जिससे तेजी से बड़े तालाब में पानी पहुंच रहा था। नतीजा लगातार तालाब अपने फुलटैंक लेवल 1666.80 फीट पर बना हुआ था। जिसकी वजह से भदभदा के चार गेट सुबह 11 बजे खोल दिए गए थे। इनमें से दो गेट रविवार-सोमवार की दरमियानी रात बंद कर दिए गए, जबकि दो गेट सोमवार रात आठ बजे तक खुले हुए थे। निगम अधिकारियों ने बताया कि गेट 33 घंटे से लगातार खुले हैं।

Kolar News 10 September 2019

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.