Advertisement
बैरागढ़ थाना परिसर लबालब, ग्राम भौंरी, खजूरी सहित अनेक गांवों में जनजीवन पर असर
लगातार बारिश से बैरागढ़ एवं आसपास के गांवों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। नाले-नालियों उफान पर आ गए और घरों में पानी घुस गया। बैरागढ़ थाना परिसर एवं संत हिरदारामजी की कुटिया जाने वाला मार्ग पोखर में तब्दील हो गया है।
बारिश से सड़कें खस्ताहाल हो गई हैं। सड़क किनारे निकासी प्रबंध नहीं होने से तेज बारिश के दौरान घरों में पानी घुस रहा है। निचली बस्तियों में लोगों का बुरा हाल है। नगर निगम ने हाल ही में चंचल रोड पर पैचवर्क कराया था। इसके पहले राजावीर मंदिर रोड पर जीरो गिट्टी बिछाकर कीचड़ से परेशान लोगों को राहत दी गई थी पर लगातार बारिश में जीरो गिट्टी भी बह गई। पुराना बी वार्ड का कुछ हिस्सा सीआरपी की सड़कें, शिव मंदिर गोल चक्रा के आसपास, सैनिक कॉलोनी की मुख्य सड़क एवं एच वार्ड की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सराफा बाजार में भी पानी भरा है। सीवेज के चैंबरों से पानी जाने के बजाय आ रहा है। बैरागढ़ थाना परिसर में भी पानी जमा हो गया है। निकासी की व्यवस्था नहीं होने से यह स्थिति निर्मित हुई है। संत हिरदारामजी की कुटिया के सामने का हिस्सा पोखर में तब्दील हो गया है। श्रद्धालुओं को संतजी की समाधि तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है।
भौंरी, खजूरी में घरों में पानी घुसा
बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ा। भौंरी पहुंच मार्ग पर डेढ़ फुट तक पानी बह रहा था। कई घरों में बारिश का पानी घुस गया। ग्राम खजूरी सड़क में अस्थाई नालियां बनाकर पानी निकाला गया। गांधीनगर में भी घरों में पानी घुसने एवं सड़कों पर पानी जमा होने की शिकायतें सामने आ रही है। बारिश से कई इलाकों में एलईडी लैंप भी बंद हो गए हैं। स्ट्रीट लाइट एवं पुराने सोडियम वेपर लैंप भी बंद रहे।
गजानन के भक्त भी हुए परेशान
लगातार बारिश से गणेशोत्सव की रौनक फीकी हो गई है। झांकी स्थलों के आसपास कीचड़ होने से भक्तों को झांकी तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। पिछले दो दिन से लगातार झांकी स्थलों पर भक्तों का सैलाब कम हो गया है। आमतौर पर इन दिनों में देर रात तक रौनक बनी रहती है।
Kolar News
All Rights Reserved ©2025 Kolar News.
Created By:
![]() |