Advertisement
भोपाल। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन, विक्रय और खेती के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंदसौर, भोपाल देहात, अलीराजपुर और पांढुर्णा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में 37 लाख 16 हजार 500 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य संपत्ति जब्त की है।
मंदसौर: 25 लाख की एमडी ड्रग्स सहित तीन तस्कर गिरफ्तार
थाना भानपुरा पुलिस ने गरोठ-भानपुरा आम रोड पर कार्रवाई करते हुए 250 ग्राम एमडी ड्रग्स जिसकी कीमत 25 लाख रुपये है और 5 किलो डोडाचूरा कीमत 10 हजार रुपये जब्त किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए। इस कार्रवाई में कुल 25 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई और मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
भोपाल देहात: एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपी धराए
थाना परवलिया सड़क पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 12.63 ग्राम एमडी ड्रग्स जिसकी कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये है, जब्त की। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। इस कार्रवाई में लगभग 3 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
अलीराजपुर: कपास की फसल के बीच गांजे की खेती का पर्दाफाश
थाना सोंडवा सहित पांच थानों की संयुक्त टीम ने ग्राम छोटी हथवी के पटेल फलिया में कार्रवाई करते हुए खेत में कपास और अन्य फसलों के बीच उगाए जा रहे गांजे के पौधों की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से 280 गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका वजन 142 किलोग्राम और कीमत 7 लाख 10 हजार रुपये है। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पांढुर्णा: घर के पीछे बाड़े में उगा रखा था गांजा
थाना मोहगांव पुलिस ने ग्राम डुड्डेवानी में एक मकान के पीछे स्थित बाड़े में उगाए जा रहे गांजे के पौधे जब्त किए। जब्त पौधे का वजन 26.300 किलोग्राम और कीमत 1 लाख 31 हजार 500 रुपये है।
पुलिस द्वारा न केवल मादक पदार्थों की बरामदगी की जा रही है, बल्कि तस्करी में प्रयुक्त वाहनों और सामग्री को भी जब्त कर आपूर्ति और वितरण नेटवर्क की पहचान पर भी काम किया जा रहा है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |