Advertisement
गुरुग्राम के चर्चित हिट एंड रन मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को पुलिस की एक टीम महिला बाइकर सिया के घर पहुंची और घटना को लेकर उनका बयान दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह पूरा मामला गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर का कथित तौर पर पीछा करने और उनकी बाइक को कार से टक्कर मारने से जुड़ा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। अब पुलिस पीड़िता के बयान के साथ वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े दूसरे साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
सिया ने आरोप लगाया था कि वह अपने दोस्तों के साथ बाइक से जा रही थीं, तभी एक कार लगातार उनका पीछा करने लगी। उनके मुताबिक, कार में मौजूद लोग नशे की हालत में नजर आ रहे थे और कार चालक ने उन्हें रुकने का इशारा किया। स्थिति सुरक्षित नहीं लगने पर उन्होंने बाइक नहीं रोकी। इसके बाद सामने आए एक्शन कैमरा फुटेज में कथित तौर पर कार बाइक के पीछे आती दिखाई देती है और फिर बाइक को टक्कर लगती है। टक्कर के बाद सिया बाइक से गिर गईं और उनकी बाइक कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। आरोप है कि घटना के बाद कार चालक मौके से निकल गया। सिया के एक दोस्त ने कार का पीछा कर ट्रैफिक सिग्नल पर चालक से बात करने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर चालक ने घटना में अपनी जिम्मेदारी से इनकार किया और वहां से चला गया।
मामले में सामने आई कार के मालिक मनीष ने बताया था कि वाहन उनका है, लेकिन घटना के वक्त कार उनके पास नहीं थी। उनके अनुसार, दो दिन पहले उनके दोस्त कल्याण ने उनसे कार ली थी। मनीष ने कहा था कि वह उस समय काम पर थे और उन्हें घटना की जानकारी सोमवार सुबह मिली। इसके बाद से कल्याण से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन पर जवाब नहीं मिला। दूसरी ओर, वीडियो वायरल होने के बाद सिया ने पुलिस में शिकायत और कानूनी कार्रवाई की बात कही थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि वह मीडिया से बातचीत नहीं करना चाहतीं और अपनी पहचान व चेहरा सार्वजनिक नहीं करना चाहतीं। पुलिस अब सिया के बयान, वायरल फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Kolar News
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |