Video

Advertisement


रायसेन जेल में कैदी ने प्रहरी पर चलाई गोली, गंभीर हालत में भोपाल रेफर
Prisoner fires at guard in Raisen Jail; referred to Bhopal in critical condition

 

रायसेन जिला जेल में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विचाराधीन कैदी ने जेल प्रहरी पर गोली चला दी। घटना में प्रहरी दिग्विजय सिंह घायल हो गए। उन्हें तत्काल रायसेन जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर भोपाल एम्स रेफर कर दिया गया। घटना के बाद जेल परिसर में वरिष्ठ अधिकारियों की टीम पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल जैसी सुरक्षित जगह के अंदर आरोपी के पास हथियार पहुंचा कैसे।

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 9 बजे उस समय हुई, जब जेल का स्टाफ अपनी ड्यूटी पर तैनात था। आरोपी नीलेश ठाकुर पर पहले से ही गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह विचाराधीन कैदी के तौर पर जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि वह जेल का गेट खुलवाकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने जेल प्रहरी पर फायर कर दिया। उस समय जेल में स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम भी प्रस्तावित था। इसी कार्यक्रम के लिए आरोपी फलों की टोकरी लेकर गेट के पास पहुंचा था। पुलिस अब घटना के पीछे की पूरी परिस्थितियों और आरोपी के पास हथियार पहुंचने के तरीके की पड़ताल कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही रायसेन एसपी आशुतोष गुप्ता समेत पुलिस और जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जेल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एसपी ने कहा कि जेल परिसर के भीतर हथियार पहुंचना गंभीर मामला है, इसलिए इसकी विस्तृत जांच की जाएगी। जांच में यह भी देखा जाएगा कि सुरक्षा में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई और आरोपी को हथियार किस तरह मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Kolar News 2 September 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.