Advertisement
मध्य प्रदेश के खंडवा में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर एक रिटायर्ड अधिकारी से बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को कश्मीर पुलिस का अधिकारी बताकर 65 वर्षीय रिटायर्ड अधिकारी को वीडियो कॉल किया और उन्हें पहलगाम आतंकी हमले का संदिग्ध बताते हुए दावा किया कि उनका संबंध पाकिस्तान के आतंकियों से है और वे पाकिस्तानी एजेंट हैं। आरोपी ने पीड़ित को धमकाते हुए कहा कि मामले से नाम बाहर करना आसान नहीं होगा।
डर और दबाव में आकर पीड़ित अधिकारी ने आरोपी के बताए बैंक खातों में कुल 4 लाख 5 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब ठगी का एहसास हुआ तो पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली।
जांच के बाद पुलिस ने पड़ोसी झाबुआ जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मध्य प्रदेश में डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिसमें ठग खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसी किसी भी कॉल पर घबराकर पैसे ट्रांसफर न करें, बल्कि तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |