Advertisement
नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव स्थित एक पीजी में असम की रहने वाली 19 वर्षीय युवती महक अहमद की चाकू से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। महक असम के डिब्रूगढ़ जिले की रहने वाली थी और प्राइवेट नौकरी की तलाश में नोएडा आई थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार वारदात के बाद उसी फ्लोर पर रहने वाला एक युवक, जिसकी पहचान रमन के रूप में हुई है, अपना कमरा बंद कर फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में शराब पीने को लेकर हुई कहासुनी को इस जघन्य वारदात की वजह माना जा रहा है। पूछताछ में सामने आया कि 8 अगस्त की रात महक और उसकी सहेली संजना कमरे के बाहर लॉबी में टहल रही थीं, तभी रमन अपने कमरे के बाहर बैठकर शराब पी रहा था, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था।
पीजी संचालक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक राम प्रकाश शर्मा के मुताबिक पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |