Advertisement
तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नई पार्किंग व्यवस्था शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद श्रद्धालुओं से तय शुल्क से ज्यादा वसूली के आरोप सामने आए हैं। श्रद्धालुओं और वाहन चालकों का कहना है कि नगर परिषद ने वाहन की श्रेणी और पार्किंग अवधि के हिसाब से शुल्क तय किया है, लेकिन ठेकेदार के कर्मचारी कथित तौर पर निर्धारित दरों से दो से तीन गुना तक ज्यादा राशि वसूल रहे हैं। 1 अगस्त से पार्किंग का नया ठेका तनिष्क इंफ्राटेक को दिया गया है। नियमानुसार कार, जीप, मिनी डोर और ऑटो के लिए 6 घंटे तक 50 रुपए, 6 से 12 घंटे तक 75 रुपए और 12 घंटे से ज्यादा के लिए 100 रुपए शुल्क तय है। टूरिस्ट बस और टेंपो ट्रैवलर के लिए भी अवधि के अनुसार 300, 320 और 350 रुपए की दर निर्धारित की गई है।
वाहन चालकों ने कथित अधिक वसूली के उदाहरण भी बताए हैं। इंदौर के नीरज निगम के मुताबिक उनकी कार करीब 8 घंटे पार्किंग में खड़ी रही, जिसके लिए 75 रुपए शुल्क बनता था, लेकिन उनसे 220 रुपए लिए गए। वहीं महाराष्ट्र के अकोला से श्रद्धालुओं को लेकर आए टेंपो ट्रैवलर चालक निकेश राठौर ने बताया कि करीब 10 घंटे पार्किंग के लिए निर्धारित 320 रुपए की जगह 620 रुपए वसूले गए। श्रद्धालुओं ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों की जांच की जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर ठेकेदार को नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |