ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पर पेट्रोल बम फेंकने वाला गिरफ्तार, मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की पुष्टि
मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य द्वार पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी वाराणसी का रहने वाला है और दो दिन पहले ग्वालियर आया था। उसने पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर दो बोतलों में भरने के बाद एयरफोर्स स्टेशन के गेट पर फेंक दिया, जिससे कुछ देर के लिए आग लग गई और इलाके में हड़कंप मच गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी खुद को आंध्र प्रदेश के एक निजी कॉलेज में सहायक प्रोफेसर बताता रहा, लेकिन पुलिस की जांच में उसकी जानकारी सही नहीं पाई गई। अधिकारियों के अनुसार वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसके परिवार ने भी उसे छोड़ दिया है। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद आरोपी को मानसिक आरोग्यशाला भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।