इंदौर में महिला उत्पीड़न के दो मामले: फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर शादी तुड़वाने की कोशिश
इंदौर में महिला सुरक्षा से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में एक युवक पर आरोप है कि दोस्ती से इनकार करने पर उसने युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसके मंगेतर और परिजनों को आपत्तिजनक व गाली-गलौज वाले संदेश भेजे। पीड़िता के अनुसार आरोपी सीमित वर्मा (कुमावत) लंबे समय से उसके घर के आसपास घूम रहा था और फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए उसकी शादी तुड़वाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं, जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में एक अन्य युवती ने आरोप लगाया कि एक युवक उसका पीछा करता था और रास्ते में रोककर उससे छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी केतन चितले के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।