भोपाल में मंदिरों को निशाना बना रही ‘साइको गैंग’, पांच दिन में 6 चोरी की वारदातें
भोपाल में पिछले पांच दिनों के दौरान अलग-अलग इलाकों के छह मंदिरों में चोरी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। चोरों ने मंदिरों से चांदी के मुकुट, पूजा के बर्तन, नोटों की माला, घंटियां और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों का व्यवहार असामान्य पाया गया है, जिसके चलते पुलिस उन्हें मानसिक रूप से अस्वस्थ मानते हुए मामले की जांच कर रही है। लगातार हो रही वारदातों के बाद संवेदनशील मंदिरों की सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है।
एमपी नगर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करने वाले एक आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया गया। वहीं शाहपुरा पुलिस ने सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर में चोरी के आरोप में प्रमोद राजपूत को गिरफ्तार कर उसके पास से चांदी का गिलास, चम्मच और अन्य पूजा सामग्री बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने हबीबगंज, एमपी नगर और श्यामला हिल्स समेत अन्य थाना क्षेत्रों में मंदिरों में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर अन्य वारदातों से आरोपियों के संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है।