Video

Advertisement


लोन ठगी से परेशान युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में सिंधिया से लगाई न्याय की गुहार
loan scam, young man, jumping ,suicide note, Scindia

ग्वालियर में कथित लोन ठगी से परेशान एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जसपाल सिंह यादव के रूप में हुई है, जो केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का समर्थक बताया जा रहा है। युवक के पास से मिले सुसाइड नोट में लिखा है, "सिंधिया जी, जब आप यह पत्र पढ़ेंगे तो मैं इस दुनिया को छोड़ चुका होऊंगा।" नोट में उसने तीन लोगों पर जमीन के बदले 3.45 करोड़ रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर 23 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोपियों के नाम, मोबाइल नंबर और कथित फर्जीवाड़े का विवरण भी लिखा है। शनिवार से लापता जसपाल का शव रविवार देर रात झांसी रोड रेलवे ट्रैक पर मिला, जिसकी पहचान सोमवार को परिजनों ने की।

 

सुसाइड नोट के अनुसार, आरोपियों ने फरवरी 2025 में बैंक से लोन स्वीकृत होने का कथित दस्तावेज दिखाकर भरोसा जीता और लोन प्रक्रिया के नाम पर 23 लाख रुपये ले लिए। पीड़ित का दावा था कि इस रकम पर भारी ब्याज चुकाते-चुकाते उसकी देनदारी 35 लाख रुपये तक पहुंच गई, जबकि जुलाई 2026 तक न तो लोन मिला और न ही रकम वापस की गई। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि इसी तरह कई अन्य लोगों के साथ भी ठगी की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Priyanshi Chaturvedi 3 August 2026

Comments

Be First To Comment....

Page Views

  • Last day : 8796
  • Last 7 days : 47106
  • Last 30 days : 63782
x
This website is using cookies. More info. Accept
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.