रिटायरमेंट से एक दिन पहले रिश्वत लेते पकड़े गए नगर निगम इंजीनियर
ग्वालियर नगर निगम के जलकार्य विभाग के कार्यपालन यंत्री सुशील कटारे को लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार सुबह 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि ठेकेदार सचिन पचौरी के करीब 36 लाख रुपये के लंबित भुगतान को जारी करने के बदले कटारे एक प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे थे। शिकायत के बाद लोकायुक्त ने जाल बिछाया और जैसे ही शिकायतकर्ता ने उनके हाथ में 6 हजार रुपये दिए, टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। जांच के दौरान उनके हाथ और जेब से रिश्वत के चिह्नित नोट बरामद किए गए।
दिलचस्प बात यह है कि सुशील कटारे 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले थे और अगले ही दिन उनकी विदाई प्रस्तावित थी। हाल ही में उन्हें सहायक अभियंता (AE) से पदोन्नत कर कार्यपालन यंत्री (EE) बनाया गया था। फिलहाल लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।