क्रेडिट कार्ड सर्विस बंद कराने का झांसा, सरकारी अधिकारी से ₹2.25 लाख की साइबर ठगी
ग्वालियर में साइबर ठगों ने एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड की अनुपयोगी सेवाएं बंद कराने का झांसा देकर एक सरकारी अधिकारी से ₹2.25 लाख की ठगी कर ली। पीड़ित सुरेंद्र द्विवेदी, जो ग्रामीण उद्यानिकी विकास अधिकारी हैं और वर्तमान में दमोह में पदस्थ हैं, ने मामले की शिकायत यूनिवर्सिटी थाना पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित के अनुसार, 1 जुलाई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि क्रेडिट कार्ड पर कुछ अनुपयोगी सेवाएं सक्रिय हैं और उन्हें बंद नहीं कराया गया तो खाते से पैसे कट जाएंगे। ठग ने कार्ड से जुड़ी सही जानकारी बताकर उनका भरोसा जीत लिया और इसी बहाने उन्हें झांसे में लेकर ₹2.25 लाख की साइबर ठगी को अंजाम दे दिया।