इंदिरानगर हत्याकांड: डॉक्टर ने रची साजिश, आरोपी देते रहे पल-पल की अपडेट
नरसिंहपुर के इंदिरानगर में हाइवा चढ़ाकर पांच लोगों की हत्या के मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आठ आरोपियों में शामिल डॉ. अमित खरे ने पूरे हत्याकांड की साजिश रची, जबकि मुख्य आरोपी आनंद पटेल समेत अन्य लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि मृतक राजेंद्र पटेल को डॉ. खरे के विवादित एमएलबी रिपोर्ट से जुड़े मामलों की जानकारी थी और वह उसे लेकर ब्लैकमेल करता था। इसी के चलते राजेंद्र और आनंद पटेल के बीच चली आ रही वर्चस्व की रंजिश का फायदा उठाकर हत्या की योजना बनाई गई।
पुलिस के अनुसार, वारदात वाले दिन सभी आरोपी लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे और पल-पल की जानकारी साझा कर रहे थे। घटनास्थल की जांच में पुलिस को कई ऐसे सुराग मिले, जिनसे साफ हुआ कि यह सड़क हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। हाइवा का केवल एक पहिया सड़क से नीचे उतरना, फिर तुरंत सड़क पर लौट आना और मौके से मिला टूटा मोनोग्राम समेत अन्य साक्ष्यों ने जांच को नई दिशा दी, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।