Advertisement
मध्यप्रदेश के अशोकनगर में साइबर ठगों ने एक पिता को बेटे की झूठी गिरफ्तारी का डर दिखाकर 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। सोनी कॉलोनी निवासी रेस्टोरेंट संचालक रवि कुमार जैन को व्हाट्सएप कॉल पर एक व्यक्ति ने खुद को राजस्थान पुलिस का इंस्पेक्टर बताते हुए कहा कि उनका बेटा, जो उदयपुर में नौकरी करता है, लड़कियों के साथ पकड़ा गया है। आरोपी ने बेटे का करियर खराब होने और मीडिया में मामला आने का डर दिखाकर तत्काल ढाई लाख रुपये की मांग की। घबराहट में रवि जैन ने 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पैसे भेजने के बाद जब उन्होंने अपने बेटे से संपर्क किया तो पता चला कि वह सुरक्षित अपने कमरे पर मौजूद है। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और कोतवाली थाने में भी मामला दर्ज कराया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऐसी कॉल पर घबराकर पैसे ट्रांसफर न करें और पहले संबंधित व्यक्ति या स्थानीय पुलिस से जानकारी की पुष्टि अवश्य करें।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |