Advertisement
भोपाल पुलिस ने एटीएम शटर टेम्परिंग कर लाखों रुपये चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने पिछले एक महीने में शाहपुरा, अशोक गार्डन और कोलार क्षेत्र में एसबीआई की 22 एटीएम मशीनों को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये से अधिक की चोरी की। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सरगना सोनू उर्फ विपुल भी शामिल है, जो बिहार का रहने वाला और आरजीपीवी में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग का अंतिम वर्ष का छात्र है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी, वारदात में इस्तेमाल कार जब्त कर उनके बैंक खाते भी फ्रीज कर दिए हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी मास्टर चाबी से एटीएम का शटर खोलकर कैश डिस्पेंसर में धातु की पट्टी लगाते थे, जिससे ग्राहकों की नकदी मशीन में ही फंस जाती थी। इसके बाद ग्राहक को मशीन में कैश न होने की बात कहकर वहां से भेज दिया जाता और आरोपी फंसी हुई रकम निकालकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने लोगों से एटीएम के कैश स्लॉट या शटर में किसी भी तरह की छेड़छाड़, टेप या अतिरिक्त सामान दिखने पर सतर्क रहने और तुरंत पुलिस या बैंक को सूचना देने की अपील की है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |