Advertisement
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के बिझौली गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की एमडी ड्रग, बड़ी मात्रा में रसायन और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की हैं। मामले का मुख्य आरोपी 26 वर्षीय चंदन सिंह है, जो केवल आठवीं तक पढ़ा है। पुलिस के अनुसार, उसने मुंबई जाकर ड्रग्स बनाने की ट्रेनिंग ली थी और बाद में गांव में किराए का मकान लेकर फैक्ट्री शुरू कर दी।
जांच में सामने आया कि चंदन सिंह ने मार्च में बिझौली गांव में तीन हजार रुपये मासिक किराए पर मकान लिया था। मकान मालिक को उसने बताया था कि वह पाइपलाइन के लिए केमिकल तैयार करने का काम करेगा। संदेह से बचने के लिए फैक्ट्री के चारों ओर हरी नेट लगा दी गई थी, ताकि अंदर की गतिविधियां किसी को दिखाई न दें। पुलिस ने इस मामले में चंदन सिंह के अलावा तीन अन्य आरोपियों—अशोक गुप्ता, पीकचंद्र यादव और एक नाबालिग—को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि चंदन ने उन्हें मुनाफे का लालच देकर इस अवैध कारोबार में शामिल किया था।
पुलिस के मुताबिक, चंदन सिंह पहले मुंबई की एक ड्रग्स फैक्ट्री में काम कर चुका था और वहीं से उसने एमडी ड्रग्स तैयार करने की तकनीक सीखी थी। मुंबई में कार्रवाई के बाद वह वापस मध्य प्रदेश लौट आया और मऊगंज में अवैध फैक्ट्री स्थापित कर दी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यहां तैयार की गई ड्रग्स मुंबई भेजी जाती थी, जहां इसका इस्तेमाल कथित तौर पर रेव पार्टियों में किया जाता था। पुलिस अब ड्रग्स नेटवर्क, सप्लाई चेन और केमिकल उपलब्ध कराने वाले लोगों की पहचान कर आगे की जांच में जुटी है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |