Advertisement
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में नगर पालिका परिषद के एक अस्थायी कर्मचारी पर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। आरोपी ने कथित तौर पर नगर पालिका के आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप में चाकू की तस्वीर साझा करते हुए धमकी भरे संदेश पोस्ट किए। आरोप है कि उसने लिखा, "मुझे जेल करवा दो, नहीं तो कल कोई एक खत्म हो जाएगा," और अध्यक्ष को लेकर भी आपत्तिजनक एवं धमकीपूर्ण टिप्पणी की। इसके अलावा अध्यक्ष को निजी संदेश और फोन कॉल के जरिए भी धमकाने का आरोप लगाया गया है।
नगर पालिका अध्यक्ष विनोद साहू और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पवन अवस्थी की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी कर्मचारी राजपाल सिंह परमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जल विभाग में अस्थायी कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। शिकायत में सार्वजनिक सोशल मीडिया ग्रुप पर धमकी देने और अध्यक्ष को फोन पर जान से मारने की धमकी देने का उल्लेख किया गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फोन कॉल, सोशल मीडिया संदेश और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, यदि जांच में अतिरिक्त तथ्य सामने आते हैं तो कानूनी सलाह के बाद आरोपी पर अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पर पहले भी इस तरह की धमकी देने के आरोप लग चुके हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 Kolar News.
Created By:
Medha Innovation & Development |